33.9 C
Gujarat
Sunday, July 12, 2026
Home આંતરરાષ્ટ્રીય राजस्थान के दो जवान शहीद : डोडा में आतंकियों से लोहा लेते...

राजस्थान के दो जवान शहीद : डोडा में आतंकियों से लोहा लेते हुए शेखावाटी के जांबाजों ने दी सबसे बड़ी कुर्बानी

0
132

सिंघाना (झुंझुनू) : शेखावाटी में देश प्रेम की भावना कूट-कूट कर भरी हुई है. सेना में अग्रिम मोर्चों की बात की जाए तो झुंझुनू के वीर हमेशा आगे नजर आते हैं और देश के लिए शहादत देने में कभी पीछे नहीं हटते. इसी परंपरा को निभाते हुए सिंघाना क्षेत्र के दो जवानों ने देश के लिए प्राण न्योछावर कर दिए. भैसावता कलां के 10 आरआर के जवान अजय सिंह नरूका ने देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी. जम्मू के डोडा में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए अपनी शहादत दी.

शहादत होने की खबर गांव में फैल चुकी है. घर पर महिलाओं व पुरुषों का आना शुरू हो गया है. सरपंच प्रतिनिधि मानसिंह सहारण ने बताया कि शहीद अजय सिंह का जन्म 21 अक्टूबर 1997 को हुआ था और वे सेना में सितंबर 2018 में भर्ती हुए थे. उनकी शादी 21 नवंबर 2021 को हुई थी. पत्नी का नाम शालू कंवर है. शहीद के पिता कमल सिंह भी सेना से 2015 में सेवानिवृत हुए थे. माता सुलोचनी देवी गृहणी हैं. बड़ा भाई करणवीर सिंह भटिंडा एम्स में डॉक्टर हैं. चाचा कायम सिंह भी भारतीय सेना की 23 राजपूत रेजिमेंट में सिक्किम में तैनात हैं. उन्हें 2022 में सेना मेडल से नवाजा गया था.

डूमोली कलां का जवान बिजेंद्र सिंह हुए शहीद : झुंझुनू के सिंघाना क्षेत्र में डूमोली कलां के बिजेंद्र सिंह दौराता भी डोडा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए. शहीद होने की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर है।शहीद के पिता रामजीलाल किसान हैं, वहीं भाई दशरथ सिंह भी सेना में लखनऊ में तैनात हैं. बिजेंद्र सिंह 2018 में सेना में भर्ती हुए थे. उनकी शादी 2019 में हुई थी. उनके दो बच्चे हैं. 4 साल के विहान व एक साल का किहान है. झुंझुनू के सिंघाना क्षेत्र में दो जवानों के एक साथ शहीद होने से क्षेत्र में शोक की लहर छाई हुई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!