29.4 C
Gujarat
Sunday, July 12, 2026
Home HeadLines कुवैत : इमारत में भीषण आग लगने से 41 की मौत, कई...

कुवैत : इमारत में भीषण आग लगने से 41 की मौत, कई भारतीय शामिल, पीएम मोदी ने दुख जताया

0
151

 

खाड़ी देश कुवैत के मनकफ शहर में बुधवार सुबह एक इमारत में आग लग गई, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में कई भारतीय भी शामिल हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में सभी मजदूर हैं. क्योंकि जिसमें इमारत में आग लगी, उसमें श्रमिक रहते थे. मेजर जनरल ईद रशीद हमद ने कहा कि स्थानीय समयानुसार सुबह 6 बजे इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी.अधिकारियों ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और इसके कारणों की जांच की जा रही है. कुवैती स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि आग लगने की घटना के बाद करीब 43 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनमें से चार लोगों की मौत हो गई.

वरिष्ठ पुलिस कमांडर ने सरकारी टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि इमारत में श्रमिकों के रहने की व्यवस्था थी, और वहां बड़ी संख्या में श्रमिक थे. दर्जनों लोगों को बचा लिया गया, लेकिन दुर्भाग्य से आग लगने के बाद इमारत में फैले धुएं के कारण कई लोगों की मौत हो गई. फिलहाल अधिकारियों ने मृतक श्रमिकों के रोजगार या उनकी पहचान के बारे में जानकारी नहीं दी है.

पीएम मोदी ने घटना को दुखद बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि कुवैत के शहर में आग लगने की घटना दुखद है. मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ्य होने की प्रार्थना करता हूं. पीएम मोदी ने कहा कि कुवैत में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और पीड़ितों की सहायता के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है.

विदेश मंत्री जयशंकर ने घटना पर दुख जताया…

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, कुवैत के शहर में आग लगने की घटना से बहुत दुख हुआ. जिसमें 40 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है और 50 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं. हमारे राजदूत शिविर में गए हैं. हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि वह इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं. जयशंकर ने कहा कि भारतीय दूतावास घटना से प्रभावित सभी लोगों को पूरी सहायता प्रदान करेगा.
अधिकारियों को संदेह है कि फायर सेफ्टी कोड के उल्लंघन के कारण यह घटना हुई. स्थानीय मीडिया ने बताया कि कुवैत के गृह मंत्री शेख फहद अल-यूसुफ अल-सबाह ने अग्निकांड के बाद घटनास्थल का दौरा किया और इमारत के मालिक को गिरफ्तार करने का आदेश दिया.
कुवैत में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक रहते हैं. इनकी संख्या स्थानीय आबादी से ज्यादा है. कुवैत की कुल आबादी लगभग 42 लाख है. यह अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य से छोटा है, लेकिन दुनिया का छठा सबसे बड़ा तेल भंडार वाला देश है. 2022 में यहां एक तेल रिफाइनरी में आग लगने से चार लोगों की मौत हुई थी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!