26.5 C
Gujarat
Saturday, August 1, 2026
Home HeadLines Vinesh Phogat पर क्यों दांव लगा रही कांग्रेस? राहुल गांधी से मुलाकात...

Vinesh Phogat पर क्यों दांव लगा रही कांग्रेस? राहुल गांधी से मुलाकात के मायने क्या

0
124

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बिसात बिछने लगी है। उम्मीदवारों के ऐलान के साथ पार्टियां चुनावी कैंपेन में उतर गई हैं। इस बीच ओलंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। विनेश और बजरंग ने हाल ही में राहुल गांधी से मुलाकात की थी, खबरें तो ये भी हैं कि कांग्रेस दोनों को चुनावी टिकट दे सकती है। हालांकि कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि विनेश और बजरंग से मुलाकात में किसी तरह की चुनावी बात नहीं हुई। इससे पहले दीपेंद्र हुड्डा को विनेश के भारत लौटने पर स्वागत कार्यक्रम में देखा गया था। महिला पहलवानों के आंदोलन के दौरान भी कांग्रेस नेता उनके साथ डटे रहे। अब सवाल ये है कि कांग्रेस पार्टी विनेश फोगाट को अपने साथ क्यों रखना चाहती है।

हरियाणा चुनाव में गेमचेंजर
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के नेता हरियाणा में लंबे समय से कैंपेनिग कर रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने लोकसभा चुनाव के बाद भी हरियाणा में लगातार कैंपेनिंग की है। रणदीप सुरजेवाला और कुमारी शैलजा ने भी यात्राएं निकाली हैं। हालांकि राहुल गांधी अभी हरियाणा में कैंपेनिंग के लिए नहीं पहुंचे हैं। इससे पहले वह हरियाणा में चुनाव से जुड़ी बैठकों में शामिल होते रहे हैं। उम्मीदवारों के नाम पर कांग्रेस में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। इन्हीं बैठकों से यह खबरें निकल कर आ रही हैं कि पार्टी बजरंग और विनेश फोगाट को टिकट दे सकती है।

विनेश बनेंगी हरियाणा में गेमचेंजर
जानकारों का मानना है कि अगर विनेश फोगाट हरियाणा में कांग्रेस के टिकट पर लड़ती हैं तो पूरे चुनाव का रुख बदल जाएगा। महिला पहलवानों के उत्पीड़न का मामला पूरे चुनाव को सिर के बल खड़ा कर देगा। विनेश फोगाट और साक्षी मलिक की अगुवाई में महिला पहलवानों की लड़ाई सियासी तौर पर सामने आ सकती है। चुनाव में बेटियों के लिए इंसाफ का मुद्दा हावी हो सकता है। इसी के परिप्रेक्ष्य में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी हावी हो सकता है।

विनेश पर क्यों दांव लगा रही कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने विनेश के पक्ष में जनसमर्थन को ग्राउंड पर महसूस किया है। पेरिस से विनेश के लौटने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट से चरखी दादरी तक का सफर विनेश ने कई घंटों में पूरा किया। रास्ते भर विनेश के स्वागत में लोग गांव-ढाणियों में कतार लगाए खड़े रहे। सर्व खाप ने भी विनेश का समर्थन किया है। ऐसे में अगर कांग्रेस विनेश को चुनाव लड़ाती है तो स्टार कैंपेनर के तौर पर भी विनेश फोगाट पार्टी के लिए पूरे हरियाणा में कैंपेन कर सकती हैं। इससे कांग्रेस को अपने चुनावी अभियान को धार देने में जबरदस्त मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!